नितेश राणे ने 'वर्चुअल बकरीद' मनाने की दी सलाह, बोले- कंप्यूटर पर बकरी की फोटो लगाकर मनाएं बकरीद
मुंबई, 24 मई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नितेश राणे ने एक बार फिर अपने बयान को लेकर राजनीतिक और सामाजिक चर्चा तेज कर दी है। बकरीद और पर्यावरण के मुद्दे पर बोलते हुए नितेश राणे ने कहा कि जिस तरह हिंदू त्योहारों पर पर्यावरण को लेकर सलाह दी जाती है, उसी तरह बकरीद पर भी लोगों को 'वर्चुअल तरीके' से त्योहार मनाने की सलाह दी जानी चाहिए।
एक कार्यक्रम के दौरान नितेश राणे ने कहा कि होली और दीपावली जैसे हिंदू त्योहारों के समय कुछ लोग आगे आकर पर्यावरण संरक्षण की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि होली पर 'ड्राय होली' खेलने और दीपावली पर पटाखे नहीं फोड़ने की सलाह दी जाती है, लेकिन बकरीद के समय ऐसे लोग चुप हो जाते हैं।
उन्होंने वीर सावरकर का जिक्र करते हुए कहा कि सावरकर ने कहा था कि हिंदुओं को मुसलमानों से नहीं, बल्कि कुछ अपने ही लोगों से खतरा है।
नितेश राणे ने आगे कहा कि अब जब बकरीद आने वाली है तो पर्यावरण प्रेमियों को आगे आकर यह सलाह देनी चाहिए कि लोग 'वर्चुअल बकरीद' मनाएं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "कंप्यूटर पर बकरी की फोटो लगाकर दिखाइए कि हम बकरी काट रहे हैं। आखिर जानवरों को क्यों परेशान किया जा रहा है?"
उन्होंने सवाल उठाया कि पर्यावरण के नाम पर सलाह देने वाले लोग क्या इतनी हिम्मत दिखाएंगे कि बकरीद पर भी इसी तरह की अपील करें। नितेश राणे ने कहा कि अगर कोई ऐसा करेगा तो फिर उसे पता चल जाएगा कि उसका क्या हाल होता है।
नितेश राणे महाराष्ट्र सरकार में मत्स्य पालन और बंदरगाह विकास मंत्री हैं और कणकवली विधानसभा सीट से विधायक के रूप में प्रतिनिधित्व करते हैं।
उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया है। बयान को लेकर सोशल मीडिया पर भी बहस तेज हो गई है।
--आईएएनएस
वीकेयू/डीकेपी
