म्यूनिख वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम घोषित, 3 इवेंट्स मे हिस्सा लेंगी मनु भाकर
नई दिल्ली, 24 मई (आईएएनएस)। आईएसएसएफ वर्ल्ड कप म्यूनिख के लिए नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एनआरएआई) की चयन समिति ने 22-सदस्यीय भारतीय टीम घोषित कर दी है। इस टीम में ओलंपिक में 2 मेडल अपने नाम कर चुकीं मनु भाकर और उनकी साथी ओलंपियन और विश्व चैंपियनशिप पदक विजेता ईशा सिंह ही ऐसी सदस्य हैं, जो दो व्यक्तिगत पिस्टल इवेंट्स में हिस्सा लेंगी। मनु मिक्स्ड टीम पिस्टल इवेंट में भी प्रतिस्पर्धा करेंगी।
आईएसएसएफ राइफल/पिस्टल वर्ल्ड कप 26 से 31 मई के बीच जर्मनी के म्यूनिख में आयोजित किया जाएगा। खेल जगत में इसे पारंपरिक रूप से एक अत्यंत प्रतिष्ठित वार्षिक आयोजन माना जाता है।
जर्मनी की राजधानी में स्थित प्रतिष्ठित 'ओलंपियाशीबानलागे' में मंगलवार को 25 मीटर पिस्टल विमेंस प्रेसिजन स्टेज इवेंट से होगी। इसके साथ ही, 10 मीटर एयर पिस्टल पुरुष वर्ग का क्वालिफिकेशन राउंड और महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन्स का एलिमिनेशन राउंड भी शुरू होगा, जिसके बाद 10 मीटर एयर राइफल मेंस इवेंट के लिए क्वालिफिकेशन राउंड होगा। पहले दिन दो फाइनल मुकाबले होंगे। इन इवेंट्स में 10 मीटर एयर पिस्टल मेंस और 10 मीटर एयर राइफल मेंस शामिल हैं।
इस वर्ल्ड कप के लिए 80 देशों के कुल 696 एथलीट्स ने दावेदारी पेश की है। इनमें कई ओलंपिक और वर्ल्ड चैंपियन भी शामिल हैं, जो इस साल के अंत में होने वाले प्रमुख मल्टी-स्पोर्ट्स इवेंट और शूटिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप से पहले, अपनी तैयारी को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ निशानेबाजों के सामने परखने के लिए तैयार हैं।
यह इस वर्ष का दूसरा राइफल/पिस्टल वर्ल्ड कप होगा। इससे पहले, अप्रैल में हुए ग्रेनाडा वर्ल्ड कप में भारत ने एक गोल्ड मेडल जीता था। उस टीम में घरेलू रैंकिंग में 3 से 6 के बीच स्थान रखने वाले निशानेबाज शामिल थे। म्यूनिख में, भारत के शीर्ष क्रम के राइफल और पिस्टल निशानेबाज इस वर्ष पहली बार अपने देश से बाहर किसी शीर्ष अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने जा रहे हैं।
भारतीय टीम में अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का एक बेहतरीन मिश्रण है। हालांकि, उन्हें एक कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा, क्योंकि राइफल और पिस्टल शूटिंग जगत के दिग्गज खिलाड़ी अपने वार्षिक म्यूनिख दौरे पर पहुंच चुके हैं।
दो बार की ओलंपियन और पूर्व एशियन गेम्स की चैंपियन राही सरनोबत म्यूनिख में सबसे सीनियर भारतीय निशानेबाज होंगी। अन्य अनुभवी अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजों में मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन सम्राट राणा, पूर्व वर्ल्ड चैंपियन रुद्रांक्ष पाटिल, वर्ल्ड चैंपियनशिप सिल्वर मेडलिस्ट अनीश भानवाला, वर्ल्ड चैंपियनशिप सिल्वर मेडलिस्ट ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, वर्ल्ड चैंपियनशिप सिल्वर मेडलिस्ट इलावेनिल वलारिवन, वर्ल्ड कप फाइनल विजेता सुरुचि सिंह और मौजूदा म्यूनिख मिक्स्ड टीम चैंपियन अर्जुन बबूता शामिल हैं।
भारत की तरफ से पहली बार हिस्सा लेने वालों में, पुणे (महाराष्ट्र) की 22 वर्षीय साक्षी पाडेकर हैं। 'खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स' की चैंपियन साक्षी की फॉर्म पिछले एक साल में क्वालिफिकेशन राउंड में शानदार रही है। इस दौरान साक्षी ने कम से कम दो बार 634 का स्कोर बनाया। दो अन्य बार उनका स्कोर 632 से ज्यादा रहा। इस साल की शुरुआत में, इलावेनिल वलारिवन के खिलाफ ट्रायल में जीत हासिल करते हुए, साक्षी ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल फाइनल के नेशनल रिकॉर्ड स्कोर को भी बेहतर बनाया।
दूसरी तरफ, 18 वर्षीय सूरज शर्मा म्यूनिख में भारत की तरफ से पहली बार हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों में सबसे युवा हैं। मध्य प्रदेश शूटिंग अकादमी के खिलाड़ी और बीएसएफ के एक शहीद जवान के बेटे सूरज का जूनियर स्तर से आगे बढ़ते हुए देश के सबसे होनहार पिस्टल निशानेबाजों में से एक के तौर पर उभरना वाकई हैरान करने वाला है। स्टैंडर्ड पिस्टल इवेंट में पूर्व जूनियर वर्ल्ड चैंपियन सूरज, 25 मीटर पिस्टल इवेंट में मौजूदा एशियन चैंपियन हैं। इस साल की शुरुआत में हुए ट्रायल्स में उन्होंने 558 का शानदार स्कोर बनाया था।
वहीं, 23 वर्षीय अजेंद्र सिंह चौहान ने घरेलू प्रतियोगिताओं में अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर टीम में जगह बनाई है। इस साल की शुरुआत में हुए ट्रायल्स में उन्होंने 588 का बेहतरीन स्कोर किया था।
ओलंपियन विजयवीर सिद्धू के जुड़वां भाई उदयवीर सिद्धू 23 साल के हैं। वह गैर-ओलंपिक इवेंट्स में तीन बार जूनियर विश्व चैंपियन रह चुके हैं। म्यूनिख में पुरुषों की 25 मीटर रैपिड-फायर पिस्टल स्पर्धा के साथ भारत के लिए अपने पहले ओलंपिक इवेंट में हिस्सा लेंगे। पंजाब के इस युवा निशानेबाज ने ट्रायल्स में 585 का स्कोर बनाकर, अपने भाई को पीछे छोड़ते हुए म्यूनिख टीम में तीसरी जगह पक्की की।
--आईएएनएस
आरएसजी
