मुंबई पुलिस ने ड्रग पेडलर को किया नजरबंद, एक साल के लिए दूसरी जगह भेजा
मुंबई, 24 मई (आईएएनएस)। मुंबई पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स सेल की ओर से चलाए गए बड़े ऑपरेशन में ड्रग पेडलर इकबाल मोहम्मद अली शेख को पीआईटी-एनडीपीएस के प्रावधानों के तहत एक साल के लिए दूसरी जगह भेज दिया गया है।
धारावी के रहने वाले और नजरबंद किए गए 36 वर्षीय इकबाल मोहम्मद अली शेख के खिलाफ धारावी, साकीनाका और वर्ली में एनडीपीएस के कुल आठ मामले दर्ज हैं। वर्ली यूनिट ने 2025 में एनडीपीएस के एक मामले में कार्रवाई की थी और चार्जशीट भी दाखिल की गई थी।
हालांकि, इकबाल मोहम्मद अली शेख को पहले ज़मानत पर रिहा कर दिया गया था लेकिन पुलिस का कहना है कि वह फिर से नशीले पदार्थों से जुड़ी गतिविधियों में शामिल हो गया था। इसी वजह से मुंबई पुलिस ने पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट के तहत उसे दूसरी जगह भेजने का प्रस्ताव रखा, जिसे महाराष्ट्र गृह विभाग ने मंजूरी दे दी।
इकबाल को 24 मई को हिरासत में लिया गया और यरवदा सेंट्रल जेल भेज दिया गया। यह एंटी-नारकोटिक्स सेल का 2026 में पीआईटी-एनडीपीएस के तहत किया गया सातवां ऑपरेशन है।
23 मई को महाराष्ट्र में ठाणे जिले के डोंबिवली के खोणी और पलावा इलाके में ड्रग्स तस्करी की बढ़ती गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए नवी मुंबई और मानपाड़ा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की थी। कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान नाइजीरिया के कुल 24 नागरिकों को हिरासत में लिया गया था, जिनमें महिलाएं और नाबालिग बच्चे भी शामिल हैं।
डोंबिवली के खोणी और पलावा इलाके में ड्रग्स तस्करी और संदिग्ध गतिविधियों के बढ़ने की पृष्ठभूमि में पुलिस ने बड़ा कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया। इस अभियान में 150 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल थे।
इलाके में पुलिस छापेमारी के दौरान नाइजीरिया के 24 नागरिकों को हिरासत में लिया गया था, इनमें 14 पुरुष, 6 महिलाएं और 4 नाबालिग बच्चे शामिल हैं। जांच के दौरान 8 नागरिकों के पास भारत में रहने के लिए जरूरी वैध दस्तावेज नहीं पाए गए। इसके अलावा हिरासत में लिए गए 9 नागरिकों के खिलाफ विभिन्न पुलिस थानों में एनडीपीएस (नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंसेस) एक्ट के तहत मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी थी।
--आईएएनएस
एसडी/पीएम
