जामताड़ा में साइबर ठगों पर पुलिस का शिकंजा, पांच गिरफ्तार, 15 मोबाइल बरामद
जामताड़ा, 24 मई (आईएएनएस)। साइबर अपराध के लिए कुख्यात जामताड़ा जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनमें पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर का एक आरोपी भी शामिल है। पुलिस ने इनके पास से 15 मोबाइल फोन, 14 सिम कार्ड, चार एटीएम कार्ड, दो लैपटॉप और 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
जामताड़ा के एसपी शंभु कुमार सिंह ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने करमाटांड़ और नारायणपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर इन अपराधियों को पकड़ा। पुलिस के अनुसार करमाटांड़ थाना क्षेत्र के मट्टांड़ गांव में विष्णु मंडल के घर पर छापेमारी के दौरान दो अपराधी लोगों से फोन पर साइबर ठगी करते हुए रंगेहाथ पकड़े गए। वहीं, सियाटांड़ और झिलुवा जंगल इलाके में घेराबंदी कर एक अन्य आरोपी को दबोचा गया।
दूसरी ओर, नारायणपुर थाना क्षेत्र के लोकनियां गांव में छापेमारी कर दो और साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विष्णु मंडल, सचिन मंडल, सागर नायक, किशोर दास और विश्वजीत दास के रूप में हुई है। विश्वजीत दास पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर का रहने वाला है और जामताड़ा में रहकर साइबर ठगी का नेटवर्क चला रहा था।
एसपी ने बताया कि आरोपी खुद को बैंक अधिकारी बताकर लोगों को फोन करते थे। वे डेबिट या क्रेडिट कार्ड बंद होने का डर दिखाकर लोगों से बैंक खाते और ओटीपी की जानकारी हासिल करते थे। इसके बाद फोनपे और गूगल पे जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए खाते से पैसे उड़ा लेते थे। गिरोह के लोग बिजली विभाग का अधिकारी बनकर भी लोगों को कॉल करते थे और बिजली बिल बकाया होने की बात कहकर ऑनलाइन ठगी करते थे।
पुलिस के मुताबिक इस गिरोह के तार कई राज्यों से जुड़े हो सकते हैं। मामले में साइबर थाना में कांड संख्या 29/26 और 30/26 दर्ज कर जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में सागर नायक और किशोर दास का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड भी है।
--आईएएनएस
एसएनसी/पीएम
