जमशेदपुर में नाबालिग को बंधक बनाकर किया दुष्कर्म, आरोपी फरार
जमशेदपुर, 27 मई (आईएएनएस)। झारखंड के जमशेदपुर में परसुडीह थाना क्षेत्र के कीताडीह में एक 15 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है। यह आरोप स्वास्थ्य विभाग के एक सरकारी कर्मचारी पर लगा है।
आरोपी की पहचान गम्हरिया के स्वास्थ्य विभाग (मलेरिया विभाग) में कार्यरत सरकारी कर्मी मुन्ना तामसी के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने पड़ोस में रहने वाली 15 साल की मासूम बच्ची को सोची-समझी साजिश के तहत बहला-फुसलाकर रात में अपने घर बुलाया। इसके बाद उसने बच्ची को बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। देर रात जब डरी-सहमी बच्ची किसी तरह अपने घर पहुंची, तो खौफ के मारे वह चुप रही। हालांकि, सुबह होते ही पीड़िता ने अपनी बड़ी बहन के सामने आपबीती बयां की, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पंचायत समिति सदस्य और परिजनों ने फौरन परसुडीह थाना पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मुन्ना तामसी की मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है, लेकिन आरोपी वारदात के बाद से ही फरार बताया जा रहा है।
इधर, स्थानीय मुखिया और अन्य जनप्रतिनिधियों ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है। जनप्रतिनिधियों का कहना है कि एक अधेड़ उम्र के सरकारी कर्मचारी द्वारा ऐसी घिनौनी हरकत समाज को शर्मसार करने वाली है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
वहीं, स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि फरार आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाए और मामले का स्पीडी ट्रायल चलाकर उसे कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए।
--आईएएनएस
एसएनसी/एसके
