इटावा में मुठभेड़ के बाद पुलिस ने गिरफ्तार किए तीन अपराधी, दो बदमाशों के पैरों में लगी गोली
इटावा, 9 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के इटावा में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिन्हें घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, अवैध तमंचे, कारतूस और चोरी की वारदात से जुड़े 15 हजार रुपए नकद बरामद किए।
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम बकेवर थाना क्षेत्र में इकनौर तिराहे पर बीती रात संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन संदिग्ध युवक इकनौर तिराहे की ओर आ रहे हैं। पुलिस ने इलाके में सघन चेकिंग शुरू की। कुछ देर बाद दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपियों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी और ग्राम इकनौर की ओर भागने लगे। इसके बाद पुलिस ने दूसरी मोबाइल टीम को सूचना देकर घेराबंदी कर दी।
दोनों तरफ से पुलिस से घिरता देख बदमाशों ने एक बार फिर पुलिस पर फायरिंग की। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आशीष कुमार उर्फ भोला के बाएं पैर और राज उर्फ कौशल के दाहिने पैर में गोली लग गई। दोनों घायल होकर गिर पड़े, जबकि तीसरे आरोपी को भी मौके से दबोच लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राज उर्फ कौशल, आशीष कुमार उर्फ भोला और शिवा के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध तमंचे 315 बोर, छह जिंदा कारतूस, चार खोखा कारतूस, एक मिस कारतूस, चोरी की एक हीरो स्पलेंडर मोटरसाइकिल, घटना में प्रयुक्त एक अपाचे मोटरसाइकिल और 15 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि बरामद 15 हजार रुपए उन्होंने लखना तिराहे के पास हुई चोरी की घटना से हासिल किए थे। इस मामले में थाना बकेवर में पहले से मुकदमा दर्ज है। बरामद हीरो स्पलेंडर मोटरसाइकिल भी चोरी की बताई गई है।
जिला अस्पताल के डॉक्टर राघवेंद्र सिंह ने बताया कि दो घायलों को बकेवर सीएचसी से घायल अवस्था में लाया गया है, पुलिस के द्वारा गोली लगने की जानकारी दी गई, दोनों को भर्ती कर लिया गया है।
एसपी ग्रामीण श्रीशचंद्र ने बताया कि इकनौर तिराहे के पास चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहे तीन बदमाशों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया है। मुठभेड़ में दो आरोपियों के पैरों में गोली लगी है। आरोपियों के कब्जे से अवैध असलहे, कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल और नकदी बरामद हुई है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
--आईएएनएस
डीसीएच/
