Aapka Rajasthan

2 जून को इंदिराम्मा जीवन बीमा योजना की शुरुआत करेगी तेलंगाना सरकार

हैदराबाद, 24 मई (आईएएनएस)। तेलंगाना सरकार 2 जून को राज्य स्थापना दिवस के मौके पर पूरे राज्य में 'इंदिराम्मा जीवन बीमा' योजना शुरू करने जा रही है। सरकार ने इसे आम लोगों के लिए एक बड़ी सौगात बताया है।
 
2 जून को इंदिराम्मा जीवन बीमा योजना की शुरुआत करेगी तेलंगाना सरकार

हैदराबाद, 24 मई (आईएएनएस)। तेलंगाना सरकार 2 जून को राज्य स्थापना दिवस के मौके पर पूरे राज्य में 'इंदिराम्मा जीवन बीमा' योजना शुरू करने जा रही है। सरकार ने इसे आम लोगों के लिए एक बड़ी सौगात बताया है।

उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क ने रविवार को इस योजना को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह राज्य के लोगों के लिए तेलंगाना स्थापना दिवस का विशेष उपहार होगा।

डिप्टी सीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी देते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य राज्य के 1.15 करोड़ परिवारों को 5 लाख रुपए का जीवन बीमा कवर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इस योजना में जाति, धर्म, अमीर और गरीब के बीच कोई भेदभाव नहीं किया जाएगा और हर जरूरतमंद परिवार तक इसका लाभ पहुंचाने की कोशिश की जाएगी।

वित्त और ऊर्जा मंत्री विक्रमार्का ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर और उद्यमी बनाने के लिए सरकार कई बड़े कदम उठा रही है। उन्होंने बताया कि महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों को सोलर पावर प्लांट आवंटित किए जाएंगे और ब्याज मुक्त ऋण की राशि बढ़ाकर कुल 1 लाख करोड़ रुपए तक पहुंचाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि सरकार गरीब और जरूरतमंद परिवारों तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। बेहतर गुणवत्ता वाला चावल वितरण, 'गृह ज्योति' योजना के तहत 200 यूनिट मुफ्त बिजली और 'इंदिराम्मा' आवास निर्माण जैसी योजनाओं के जरिए सरकार हर कमजोर परिवार तक मदद पहुंचा रही है।

इस बीच शनिवार को हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में 'इंदिराम्मा' आवास योजना के दूसरे चरण को मंजूरी दी गई। सरकार ने राज्य के 2.5 लाख गरीब परिवारों के लिए नए घर बनाने का फैसला किया है। इसके तहत हर विधानसभा क्षेत्र में 2,000 घर स्वीकृत किए जाएंगे।

कैबिनेट ने उन अधूरे 'इंदिारम्मा' घरों को पूरा करने का भी फैसला किया, जिनका निर्माण संयुक्त आंध्र प्रदेश के समय कांग्रेस सरकार में शुरू हुआ था, लेकिन बाद में रुक गया। जिन घरों की केवल नींव बनी है, उन्हें पूरा करने के लिए 3 लाख रुपए की सहायता दी जाएगी, जबकि जिन घरों की दीवारें बन चुकी हैं लेकिन छत बाकी है, उन्हें 2 लाख रुपए दिए जाएंगे।

राजस्व और आवास मंत्री पी. श्रीनिवास रेड्डी ने बताया कि हर विधानसभा क्षेत्र में ऐसे 500 अधूरे घरों को पूरा करने के लिए फंड मंजूर किया गया है। उन्होंने कहा कि 2 जून तक पहले चरण में बने लगभग 1 लाख 'इंदिराम्मा' घरों का गृह प्रवेश कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।

--आईएएनएस

वीकेयू/डीकेपी