Aapka Rajasthan

मणिपुर सरकार तकनीकी शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध : सीएम युमनाम खेमचंद सिंह

इम्फाल, 24 मई (आईएएनएस)। मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने रविवार को कहा कि उनकी सरकार तकनीकी शिक्षा के ढांचे को मजबूत करने और थोउबल जिले के हेइरोक में बन रहे मणिपुर टेक्निकल यूनिवर्सिटी के एक्सटेंशन कैंपस को जल्द शुरू करने के लिए प्रतिबद्ध है।
 
मणिपुर सरकार तकनीकी शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध : सीएम युमनाम खेमचंद सिंह

इम्फाल, 24 मई (आईएएनएस)। मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने रविवार को कहा कि उनकी सरकार तकनीकी शिक्षा के ढांचे को मजबूत करने और थोउबल जिले के हेइरोक में बन रहे मणिपुर टेक्निकल यूनिवर्सिटी के एक्सटेंशन कैंपस को जल्द शुरू करने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने हेइरोक में बन रहे एमटीयू एक्सटेंशन कैंपस का दौरा किया और निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। बाद में उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर लिखा कि परियोजना अंतिम चरण में है और लैब भवन तथा इंजीनियरिंग वर्कशॉप का काम लगभग पूरा हो चुका है। काम की प्रगति संतोषजनक है और संस्थान जल्द ही शुरू होने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि पहले यहां हेइरोक इंजीनियरिंग कॉलेज बनाने की योजना थी, लेकिन बाद में इसे एमटीयू के एक्सटेंशन कैंपस में बदलने का फैसला किया गया।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता को कैंपस को राष्ट्रीय राजमार्ग - 102 (इम्फाल-मोरेह रोड) से जोड़ने वाली छह किलोमीटर सड़क को पक्का करने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि कैंपस में बाउंड्री वॉल, नालियां और फुटपाथ बनाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने नए बने भवनों का निरीक्षण किया और पूछा कि सरकार से और किस तरह की मदद की जरूरत है। एमटीयू के कुलपति डब्ल्यू. चंदबाबू सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय जुलाई-अगस्त से शुरू होने वाले नए शैक्षणिक सत्र से कुछ कक्षाएं इस कैंपस में शुरू करने की योजना बना रहा है।

मुख्यमंत्री ने कैंपस में पेयजल और बिजली की व्यवस्था की भी समीक्षा की और जल्द सुधार का आश्वासन दिया।

हेइरोक दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने थोउबल जिले के जवाहर नवोदय विद्यालय का भी निरीक्षण किया, जो फिलहाल राज्य सरकार की एक अस्थायी इमारत से संचालित हो रहा है। उन्होंने शिक्षकों और छात्रों से बातचीत की और स्कूल परिसर में पौधे लगाए।

इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने हेइरोक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भी दौरा किया और वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने डॉक्टरों से बातचीत कर अस्पताल के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने का भरोसा दिया।

मुख्यमंत्री ने हेइरोक महिला बाजार का भी निरीक्षण किया और बाजार शेड की स्थिति देखी। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया और उनके काफिले का अभिवादन किया।

इस दौरे का उद्देश्य क्षेत्र में चल रही प्रमुख विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करना, बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना था।

--आईएएनएस

एएमटी/एबीएम