देश-विदेश के बिहारियों को राज्य के विकास से जोड़ने के लिए विशेष डिजिटल प्लेटफॉर्म का शुभारंभ
पटना, 9 जून (आईएएनएस)। बिहार सरकार के सूचना प्रावैधिकी विभाग ने दुनिया भर में रह रहे बिहार के लोगों को राज्य के विकास, नवाचार और निवेश के अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से एक विशेष डिजिटल प्लेटफॉर्म का शुभारंभ किया। सूचना प्रावैधिकी मंत्री नीतीश मिश्रा ने मंगलवार को इस पोर्टल का उद्घाटन करते हुए इसे बिहार के समग्र विकास में वैश्विक बिहारी समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार डिजिटल परिवर्तन, नवाचार और निवेश आधारित विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए यह प्लेटफॉर्म तैयार किया गया है, जिसके माध्यम से देश-विदेश में रह रहे बिहार मूल के लोग अपनी विशेषज्ञता, अनुभव, नवाचार, सुझाव और निवेश प्रस्ताव सीधे राज्य सरकार तक पहुंचा सकेंगे।
नीतीश मिश्रा ने कहा कि बिहार की सबसे बड़ी ताकत उसके लोग हैं। आज दुनिया के विभिन्न देशों, प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों, अनुसंधान संस्थानों और उद्योग जगत में बिहार के लोग अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। ऐसे में उनकी विशेषज्ञता और अनुभव का लाभ राज्य के विकास में लिया जाना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि यह प्लेटफॉर्म उन्हें बिहार के विकास, रोजगार सृजन, तकनीकी प्रगति और निवेश के नए अवसरों से सीधे जोड़ने का कार्य करेगा। मंत्री ने बिहार से बाहर रह रहे बिहारवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे इस डिजिटल मंच के माध्यम से अपने सुझाव, सहयोग, तकनीकी विशेषज्ञता और निवेश संबंधी प्रस्ताव साझा करें।
उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि वैश्विक बिहारी समुदाय केवल भावनात्मक रूप से ही नहीं, बल्कि विकास प्रक्रिया में सक्रिय भागीदार के रूप में भी बिहार से जुड़े।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के ‘कर्मभूमि से जन्मभूमि के निर्माण’ के आह्वान को साकार करने में यह पोर्टल महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सरकार का लक्ष्य है कि दुनिया भर में फैले बिहारियों की प्रतिभा, ज्ञान और संसाधनों का उपयोग कर विकसित बिहार के संकल्प को नई गति दी जाए।
उन्होंने वैश्विक बिहारी समुदाय से इस पहल में सक्रिय भागीदारी का आह्वान करते हुए कहा कि एक विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध बिहार के निर्माण में बढ़ चढ़कर हिस्सा लें । उन्होंने कहा कि इस पोर्टल की मॉनिटरिंग वे स्वयं करेंगे, ताकि प्राप्त प्रत्येक सुझाव एवं प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार कर उसे परिणामोन्मुखी बनाया जा सके।
--आईएएनएस
एमएनपी/डीकेपी
