दिल्ली क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई: स्नैचर सोमवीर उर्फ सोमबीर गिरफ्तार, चोरी की बाइक और मोबाइल बरामद
नई दिल्ली, 24 मई (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सक्रिय स्नैचर और आर्म्स एक्ट के मामलों में वांछित अपराधी सोमवीर उर्फ सोमबीर (26) को गिरफ्तार किया है। त्रिलोकपुरी इलाके से आरोपी की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर पहले से लूट, स्नैचिंग, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत 14 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
दरअसल, क्राइम ब्रांच की एआरएससी टीम को 20 मई को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी सोमवीर चोरी की मोटरसाइकिल पर त्रिलोकपुरी मार्केट के पास अपने साथियों से मिलने आने वाला है और किसी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा है। सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर केके शर्मा के नेतृत्व में टीम गठित की गई, जिसमें एसआई मोहित यादव, एसआई अमित कुमार, एएसआई मोहम्मद तलीम, एएसआई श्याम सिंह, हेड कांस्टेबल महेश, सुनील, रविंदर, कांस्टेबल सुमित कुमार और महिला कांस्टेबल नीशू शामिल थे। पूरी कार्रवाई एसीपी संजय कुमार नागपाल की निगरानी में की गई।
पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। बरामद मोटरसाइकिल थाना वेलकम इलाके में दर्ज एफआईआर नंबर 023966/25 से चोरी की पाई गई। वहीं, एक मोबाइल फोन ई-एनसीआर नंबर 1999999/24, क्राइम ब्रांच दिल्ली से चोरी का निकला, जबकि दूसरे मोबाइल की जांच जारी है।
पुलिस की जांच में यह सामने आया है कि आरोपी थाना कल्याणपुरी के दो मामलों में वांछित चल रहा था। इनमें स्नैचिंग और आर्म्स एक्ट के मामले शामिल हैं। दोनों मामलों में अदालत द्वारा उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किए जा चुके थे। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था और फिलहाल त्रिलोकपुरी में रह रहा था।
पुलिस के मुताबिक सोमवीर मूल रूप से कल्याणपुरी का रहने वाला है और आर्थिक तंगी के कारण 8वीं के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी। वह अपने पिता के साथ सफाई कर्मचारी के तौर पर काम करता था। इसी दौरान वह इलाके के आदतन अपराधियों के संपर्क में आया और धीरे-धीरे लूट, स्नैचिंग और चोरी जैसी वारदातों में शामिल हो गया। वर्तमान में वह सफाई कर्मचारी और ऑटो चालक का काम कर रहा था।
--आईएएनएस
पीएसके
