Aapka Rajasthan

चाइल्ड आर्टिस्ट से स्टार बनने तक, विवादों और संघर्षों से भरा रहा कुणाल खेमू का सफर

मुंबई, 24 मई (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेता कुणाल खेमू ने बचपन से लेकर बड़े होने तक दर्शकों के दिलों में अपनी जगह बनाए रखी। मासूम चेहरे और शानदार अभिनय के साथ कुणाल ने अपने करियर में कई उतार-चढ़ाव देखे, लेकिन कभी हार नहीं मानी।
 
चाइल्ड आर्टिस्ट से स्टार बनने तक, विवादों और संघर्षों से भरा रहा कुणाल खेमू का सफर

मुंबई, 24 मई (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेता कुणाल खेमू ने बचपन से लेकर बड़े होने तक दर्शकों के दिलों में अपनी जगह बनाए रखी। मासूम चेहरे और शानदार अभिनय के साथ कुणाल ने अपने करियर में कई उतार-चढ़ाव देखे, लेकिन कभी हार नहीं मानी।

फिल्मों के अलावा उनकी निजी जिंदगी और शौक भी अक्सर चर्चा में रहते हैं। खासतौर पर टैटू को लेकर उनका प्यार कई बार सुर्खियों में रहा। साल 2014 में उनके भगवान शिव वाले टैटू ने सोशल मीडिया पर बड़ा विवाद खड़ा कर दिया था। इस पर कुणाल ने कहा कि वह भगवान का बेहद सम्मान करते हैं और उनकी भावनाओं को ठेस पहुंचाने की कभी सोच भी नहीं सकते। आज कुणाल अभिनेता के साथ-साथ लेखक और निर्देशक के रूप में भी अपनी अलग पहचान बना चुके हैं।

कुणाल खेमू का जन्म 25 मई 1983 को जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में एक कश्मीरी पंडित परिवार में हुआ था। उनके पिता रवि खेमू और मां ज्योति खेमू अभिनय की दुनिया से जुड़े रहे हैं। कुणाल का बचपन कश्मीर की खूबसूरत वादियों में बीता, लेकिन 1990 के दशक में घाटी में बढ़ते तनाव और पलायन के दौर ने उनके परिवार को भी प्रभावित किया। हालात खराब होने के बाद उनका परिवार पहले जम्मू और फिर मुंबई आकर बस गया। कुणाल ने अपनी पढ़ाई मुंबई में पूरी की और यहीं से अभिनय की दुनिया में आगे बढ़े।

कुणाल ने बहुत छोटी उम्र में ही कैमरे का सामना करना शुरू कर दिया था। उन्होंने सबसे पहले दूरदर्शन के मशहूर शो 'गुल गुलशन गुलफाम' में काम किया। इसके बाद महेश भट्ट की 'सर' से फिल्मी दुनिया में कदम रखा। चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर उन्होंने 'हम हैं राही प्यार के', 'राजा हिंदुस्तानी', 'जख्म', 'भाई' और 'दुश्मन' जैसी फिल्मों में काम किया। छोटी उम्र में भी उनके अभिनय की जमकर तारीफ हुई। खासकर फिल्म 'जख्म' में उनके किरदार ने दर्शकों को बेहद प्रभावित किया।

कुछ समय फिल्मों से दूर रहने के बाद कुणाल ने साल 2005 में 'कलयुग' से बतौर लीड एक्टर वापसी की। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल रही। इसके बाद उन्होंने 'ढोल', 'ट्रैफिक सिग्नल', '99', 'गोलमाल 3', 'गो गोवा गॉन', 'मलंग' और 'लूटकेस' जैसी फिल्मों में काम किया। कॉमेडी फिल्मों में उनकी टाइमिंग ने उन्हें अलग पहचान दिलाई।

कुणाल अपनी फिल्मों के अलावा टैटू के शौक को लेकर भी काफी चर्चित रहे हैं। उन्हें अलग-अलग डिजाइन के टैटू बनवाना पसंद है। साल 2014 में उन्होंने अपने पैर पर भगवान शिव का टैटू बनवाया था। जैसे ही इस टैटू की तस्वीर सोशल मीडिया पर सामने आई, विवाद शुरू हो गया। कई लोगों ने इसे धार्मिक भावनाओं से जोड़ते हुए नाराजगी जताई। मामला बढ़ता देख कुणाल ने सफाई दी और कहा कि वह भगवान शिव से बेहद प्रेम करते हैं और यह टैटू उनके सम्मान और श्रद्धा का प्रतीक है।

कुणाल की निजी जिंदगी भी काफी चर्चा में रही। उन्होंने अभिनेत्री सोहा अली खान को लंबे समय तक डेट किया और फिर साल 2015 में दोनों ने शादी कर ली। आज दोनों की एक बेटी इनाया नौमी खेमू है। कुणाल और सोहा बॉलीवुड की सबसे प्यारी जोड़ियों में गिनी जाती हैं।

अभिनय के अलावा, कुणाल ने निर्देशन में भी खुद को साबित किया। साल 2024 में उन्होंने फिल्म 'मडगांव एक्सप्रेस' से निर्देशन की दुनिया में कदम रखा। इस फिल्म को दर्शकों ने खूब पसंद किया। इसके लिए उन्हें बेस्ट डेब्यू डायरेक्टर का फिल्मफेयर और आईफा अवॉर्ड भी मिला।

--आईएएनएस

पीके/एबीएम