जोधपुर के गणेश मंदिर में चोरी, चांदी का मुकुट ले उड़ा चोर; CCTV में कैद हुई वारदात
शहर के बोरानाडा थाना क्षेत्र स्थित आरती नगर के गणेश मंदिर में चोरी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। अज्ञात चोर मंदिर में स्थापित भगवान गणेश की प्रतिमा पर लगा करीब आधा किलो वजनी चांदी का मुकुट चोरी कर ले गया। इतना ही नहीं, आरोपी ने मंदिर में जल रही अखंड ज्योति के कांच भी तोड़ दिए, जिससे ज्योति बुझ गई।
जानकारी के अनुसार, यह घटना 28 मई को दोपहर करीब 1:54 बजे हुई थी। चोरी की पूरी वारदात मंदिर परिसर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में एक व्यक्ति मंदिर में प्रवेश कर चोरी की घटना को अंजाम देता दिखाई दे रहा है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। रविवार को क्षेत्रवासियों ने बोरानाडा थाने पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत में चांदी का मुकुट चोरी होने और अखंड ज्योति को नुकसान पहुंचाने का उल्लेख किया गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। आसपास के क्षेत्रों में भी संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
मंदिर में हुई इस चोरी की घटना से श्रद्धालुओं में रोष है। स्थानीय लोगों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है।
