Jhalawar 58 हजार 562 लोगों की खाद्य सुरक्षा योजना संदेह के घेरे में, विभाग ने रोका राशन

झालावाड़ न्यूज़ डेस्क, झालावाड़ जिले के 58 हजार 562 लोग खाद्य सुरक्षा योजना में संदेह के दायरे में आ चुके हैं। इन सभी का राशन बंद कर दिया गया है। 1 फरवरी से यह लोग राशन की दुकानों पर जा रहे हैं तो भी इनके हिस्से का राशन नहीं मिल पा रहा है। इसकी मुख्य वजह राशन कार्ड का आधार से लिंक नहीं करवाया जाना है।
जिले में सभी राशनकार्ड धारियों के राशनकार्ड से समस्त सदस्यों के आधार कार्ड को लिंक करवाया जाना है। इसी के लिए अभियान शुरू हुआ था। कई बार तारीख बढ़ने के बाद भी जिले के 58 हजार 562 लोगों ने अभी तक केवाईसी नहीं करवाई है। ऐसे में विभाग को इनका राशन बंद करना पड़ा। बसेड़ा मोहल्ला निवासी सत्यनारायण जब अपना राशन लेने राशन की दुकान पर पहुंचे तो उन्हें 5 सदस्यों की जगह 3 का ही राशन दिया गया। इनके 3 सदस्यों की केवाईसी तो हो चुकी है, लेकिन 2 सदस्य अभी भी केवाईसी से वंचित हैं। जिले में 10 लाख 36 हजार 536 लोग खाद्य सुरक्षा के दायरे में आते हैं। इनमें से अभी तक 58 हजार 562 लोगों ने अपनी केवाईसी नहीं करवाई है।विभाग का मानना है कि यह लोग संदेह के दायरे में हैं। केवाईसी करवाने पर ही इनका राशन शुरू हो सकेगा। खाद्य सुरक्षा योजना के तहत राशन कार्ड को आधार कार्ड से लिंक करवाए जाने में 10 साल से कम और 60 साल से अधिक उम्र के लोगों को केवाईसी में छूट है। इस दायरे के अलावा जो केवाईसी करवाने नहीं पहुंचे उनको राशन नहीं मिल पा रहा है।