Aapka Rajasthan

Jaipur के नाहर गणेश मंदिर में पौषबड़ा महोत्सव का आयोजन

 
Jaipur के नाहर गणेश मंदिर में पौषबड़ा महोत्सव का आयोजन 

जयपुर न्यूज़ डेस्क, ब्रह्मपुरी माउंट रोड स्थित श्री नहर गणेशजी मंदिर में बुधवार को पौष बड़ा महोत्सव एवं भजन संध्या का आयोजन भक्तिभाव से किया गया। मंदिर महंत पं. जय शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 5:30 बजे भगवान गणेश की पूजा-अर्चना एवं मंगला आरती से हुई। इसके बाद भगवान को नवीन वस्त्र एवं पगड़ी धारण कराई गई। सुबह 7:15 बजे बालभोग आरती हुई। पं. जय शर्मा ने बताया कि दोपहर 1:30 बजे से पौष बड़ा की झांकी के लिए पट खोल दिए गए। झांकी में भगवान गणेश को दाल के बड़े, आटे का हलवा, सूजी का हलवा, चूरमा, सब्जी, पूरी एवं चटनी का भोग लगाया गया। दोपहर 2:15 बजे से श्रद्धालु झांकी के दर्शन कर सके। शाम 5:00 बजे से श्रद्धालुओं को पौष बड़ा भोग प्रसाद के रूप में वितरित किया गया।

महंत पं. जय शर्मा ने बताया कि शाम की आरती के बाद भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें देश के प्रसिद्ध शास्त्रीय व अर्द्ध शास्त्रीय कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। गायन में गोपाल सिंह राठौड़, प्रहलाद गुर्जर, सांवरमल कथक, आकांक्षा रावल, सुरभि चतुर्वेदी, राजन, महेंद्र खिंची व भानु ने भक्ति संगीत प्रस्तुत किया। वाद्य कलाकारों में दिनेश खिंची, दिलशाद, विजय बैनेट, अंबालाल, संदीप सोनी व संजीव शर्मा शामिल थे। मंच संचालन राजेश आचार्य, आरडी अग्रवाल व शोभाचंद्र पारीक ने किया। पं. जय शर्मा ने बताया कि आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और भगवान गणेश के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। इस अवसर पर श्रद्धालुओं को भक्ति व आनंद के क्षण प्रदान किए गए।