Aapka Rajasthan

Dholpur सफाई कर्मचारी मजदूर यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष का शव संगठन कार्यालय में मिला

 
Dholpur सफाई कर्मचारी मजदूर यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष का शव संगठन कार्यालय में मिला

धौलपुर न्यूज़ डेस्क, धौलपुर शहर में नगर परिषद के पुराने कार्यालय में सोमवार रात राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी मजदूर यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष एवं जमादार मोहन सिंह थनवार का यहां संदिग्धावस्था में शव पड़ा मिला। मृतक का शव गेट से बंधा हुआ था और दोनों हाथ पीछे की ओर बंधे हुए मिले। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। वहीं, घटना से गुस्साएं वाल्मीकि समाज के लोगों ने मंगलवार सुबह पुराने जिला अस्पताल के पास प्रदर्शन किया। जिस पर मौके पर पहुंचे जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी व पुलिस अधीक्षक सुमित मेहरड़ा ने समझाइश कर मामला शांत कराया। उधर, मृतक के पुत्र करन सिंह ने कुछ लोगों पर उसके पिता की हत्या करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं, घटनाक्रम को लेकर पुलिस ने एफएसएल और एमओयू टीम बुलाकर मौके पर साक्ष्य जुटाए।

घर नहीं पहुंचने पर पुत्र पहुंचा संगठन कार्यालय

मृतक के पुत्र करन सिंह ने बताया कि उसके पिता सुबह करीब 10 बजे घर से निकले थे। लेकिन वह दोपहर में भोजन करने नहीं पहुंचे। जिस पर वह एक दफा पुराने नगर परिषद कार्यालय पहुंचा लेकिन गेट बंद देख लौट गया। लेकिन मोहन सिंह देर शाम तक घर नहीं पहुंचा। जिस पर वह रात में अपने दोस्त अनिल के सथ वापस पुराने नगर परिषद कार्यालय में संचालित संगठन कार्यालय पहुंचा। दूसरी चाबी से गेट खोला तो पिता का शव गेट के हैण्डल से बंधा हुआ था। दोनों हाथ रस्सी से बंधे हुए थे।

पंखे से बंधा मिला रस्सी का टुकड़ा : उधर, पुलिस ने मृतक का जिस कमरे में शव मिला उसका बारीकी से जायजा लिया। यहां कमरे में पंखे से एक रस्सी का छोटा सा टुकड़ा बंधा मिला। हालांकि, रस्सी को किसी धारदार हथियार से काट दिया था। मृतक का फोन भी कार्यालय में चार्जर में लगा हुआ मिला। परिजन फोन कर रहे थे लेकिन फोन रिसीव नहीं हो रहा था। सूचना पर रात में पुलिस पहुंची तो शव अकड़ा हुआ था। पुलिस को अंदेशा है कि घटना करीब 6 से 7 घंटे पहले की है। वहीं, कार्यालय में रखी टेबिल पर डिस्पोजल के चार गिलास भी मिले, जो चाय के थे। अंदेशा है कि कुछ लोग कार्यालय में आए थे। पुलिस अब कार्यालय के आसपास के सीसीटीवी भी खंगाल रही है। खास बात ये है कि कार्यालय पर गार्ड रहता है लेकिन इसके बाद भी किसी को मोहन सिंह के अंदर होने की जानकारी नहीं मिली। फिलहाल पुलिस सभी एंगलों से घटनाक्रम की जांच कर रही है।

गुस्साए लोगों ने किया प्रदर्शन, डीएम व एसपी ने की समझाइश

उधर, घटना की जानकारी समाज के लोगों को मिलने पर बड़ी संख्या में वाल्मीकि समाज के लोग पुराने अस्पताल की मोर्चरी पर पहुंच गए। यहां से एकत्र होकर लोग फद्दी चौराहे पर पहुंचे और पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया है। जिस पर कोतवाली प्रभारी हरिराम मीणा लोगों को समझाइश की। इस बीच जिला कलक्टर भी पहुंच गए और उन्होंने कुछ लोगों को बुलाकर कोतवाली में वार्ता की। वहीं, पुलिस अधीक्षक ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया। जिस पर मामला प्रदर्शन समाप्त हो गया।