Dholpur दो दिन मिला आराम, अब बारिश करेगी परेशान
शुक्रवार को मौसम ने फिर करवट बदलते हुए शीतलर और कोहरे के साथ शहरवासियों में ठिठुरन बढ़ा दी। अत्यधिक कोहरा और शीतलहर चलने के कारण लोग सुबह-सुबह घरों में ही कैद रहे। और कोहरे के छंटने का इंतजार करते रहे। दिन चढऩे के साथ कोहरे का असर भी धीरे-धीरे कम होता गया जिसके बाद लोगों की दिनचर्या प्रारंभ हुई। 12 बजे होते-होते सूर्य देव ने भी एन्ट्री मार शहरवासियों को राहत दी। कोहरा और शीतलहर के कारण एक बार फिर अधिकतम तापमान धड़ाम से 7 डिग्री तक नीचे आ गया। हालांकि बादल और कोहरे के कारण न्यूनतम तापमान में 1.6 डिग्री की बढ़ोत्तरी देखी गई। मौसम विशेषज्ञों ने शनिवार को बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया है। जिससे सर्दी में और इजाफा होगा। शुक्रवार सुबह स्कूलों में चल रहा सर्दकालीन अवकाश भी खत्म हो गया। जिस कारण छोटे-छोटे बच्चे कोहरे के बीच ठिुठुरते स्कूलों में पहुंचे।
शीतलहर ने फिर बढ़ाई ठिठुरन
पहाड़ों पर हो रहे हिमपात का असर मैदानी क्षेत्रों सहित धौलपुर में भी फिर दिखाई देने लगा है। जिला में कड़ाके की ठंड से जनजीवन बाधित हो रहा है। शुक्रवार सुबह से ही 7 किमी की रफ्तार से चलने वाली शीतलहर से बढ़ती ठिठुरन गलनभरी सर्दी का एहसास कराती रही। पिछले कुछ दिनों से देखा जाए तो न्यूनतम और अधिकतम तापमान में ऊपर और नीचे जाने की होड़ सी लगी है। क्योंकि बुधवार और गुरुवार को धूप खिलने के बाद अधिकतम तापमान 23.5 रहा तो न्यूनतम तापमान 6.4 पर पहुंच गया था। लेकिन शुक्रवार सुबह अधिकतम तापमान 7 डिग्री तक घटकर 16.8 पर आ ठहरा। तो वहीं न्यूनतम तापमान कोहरे के कारण 1.6 डिग्री बढ़ गया।