Bikaner में ऊंट महोत्सव की तैयारियां शुरू, सजे-धजे ऊंट होंगे शामिल
बीकानेर न्यूज़ डेस्क, बीकानेर में तीन दिवसीय अंतराष्ट्रीय ऊंट उत्सव की तैयारियां चल रही है। कलेक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि ने बताया- इस बार कई नवाचार किए जाएंगे। पहले दिन ‘बीकानेर हैरिटेज वॉक’ की शुरूआत 10 जनवरी को सुबह साढ़े आठ बजे लक्ष्मीनाथ मंदिर से होगी। नगर निगम आयुक्त मयंक मनीष ने बताया- देशी- विदेशी सैलानी मथेरण, बंधेज, पोट्री, सुनहरी कलम और साफा बांधने की कला से रूबरू हो सकेंगे। इस दौरान लोक कलाकार, रोबीले और सजे-धजे ऊंट भी साथ रहेंगे। भांडाशाह जैन मंदिर के पास हरियाणवी रागड़ी की प्रस्तुति दी जाएगी। हैरिटेज वॉक का काफिला यहां से चूड़ी बाजार की ओर बढ़ेगा। यहां लाख की चूड़ी बनाने की कला को दर्शाया जाएगा। सब्जी बाजार की ऐतिहासिक चौकी पर शहर की ऐतिहासिक रम्मत का प्रदर्शन किया जाएगा। यहां भुजिया, घेवर और जलेबी बनाने का लाइव प्रदर्शन किया जाएगा। वॉक के प्रतिभागी इनके स्वाद का लुत्फ भी उठाएंगे। यहीं जूती बनाने की कला का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
मरूनायक चौक में ब्लॉक और स्क्रीन प्रिंटिंग का प्रदर्शन किया जाएगा। मोहता चौक के बड़े पाटे पर पारंपरिक भोजन बनाने का प्रदर्शन किया जाएगा। प्रतिभागियों को कचौड़ी खिलाई जाएगी। भपंग वादन का प्रदर्शन भी किया जाएगा। मोहता चौक में ही बीकानेर की प्रसिद्ध रबड़ी लाइव बनाई जाएगी। लोक कलाकारों की ओर से गणगौर के गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी और कठपुतली के खेल के माध्यम से विभिन्न संदेश दिए जाएंगे। वॉक का समापन लगभग 11 बजे रामपुरिया हवेलियों के पास होगा। यहां उस्ता कला, हवेली संगीत और कच्छी घोड़ी का प्रदर्शन किया जाएगा।
रूट का लिया जायजा, विभिन्न वर्गों के साथ की बैठकें
निगम आयुक्त ने वॉक समन्वयक गोपाल सिंह चौहान एवं अन्य अधिकारियों के साथ कई बार रूट का जायजा लिया। निगम आयुक्त द्वारा सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर, पर्यटन क्षेत्र से जुड़ लोगों, होटल व्यवसाइयों तथा पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों के साथ विभिन्न बैठकें ली गई है। इस बार हैरिटेज वॉक में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी के प्रयास किए जाएंगे। साथ ही बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक भी इसमें भागीदारी निभाए, इस दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।