भरतपुर में दहेज हत्या का सनसनीखेज मामला, पति-सास-ससुर पर मारपीट कर फांसी लगाने का आरोप
जिले के चिकसाना थाना क्षेत्र में दहेज के लिए एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। परिजनों ने पति, सास और ससुर पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि महिला के साथ पहले मारपीट की गई और बाद में उसे फांसी के फंदे से लटका दिया गया।
मृतका की बहन के अनुसार, उसकी छोटी बहन की शादी तीन भाइयों से तीन बहनों के साथ हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही महिला को लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। विवाद बढ़ने पर ससुराल पक्ष ने मिलकर इस घटना को अंजाम दिया।
परिजनों ने बताया कि घटना के बाद महिला की हालत गंभीर होने पर भी उसे बचाने का प्रयास नहीं किया गया। सूचना मिलने पर परिजनों ने मौके पर पहुंचकर पुलिस को जानकारी दी और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की।
चिकसाना थाना पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और परिजनों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
