Kota पहले दिन खूबसूरत नजारों को देख रोमांचित हुए 2000 पर्यटक, बुक हुई काफी टिकटें

 
कोटा न्यूज़ डेस्क, कोटा  हैरिटेज चम्बल रिवरफ्रंट देखने को लेकर पहले दिन शुक्रवार को खासा उत्साह रहा। पहले दिन दो हजार लोगों ने रिवरफ्रंट की खूबसूरती को निहारा। शनिवार को पांच हजार लोगों की एडवांस ऑनलाइन बुकिंग हो चुकी है। पहले दिन सुबह से ही रिवरफ्रंट के जीरो टिकट हासिल करने की पयर्टकों में होड़ मच गई है। शुक्रवार को भी चम्बल रिवरफ्रंट के पूर्वी छोर पर बड़ी तादाद में शहरवासियों ने खूबसूरती को देखा। पूर्वी छोर के नयापुरा बावड़ी एंट्री गेट एवं बैराज गार्डन से बड़ी संख्या में क्यूआर कोड प्राप्त कर जीरो टिकट से लोगों ने एंट्री की और बेहतरीन शिल्पकला से निर्मित खूबसूरत घाट, मॉन्यूमेंट्स, आकर्षक इमारतों की खूबसूरती देखा। रात की सजावट को देख विश्व स्तरीय पर्यटन स्थल के हर पल की याद को अपने मोबाइल कैमरे में कैद किया। सभी ने चंबल रिवरफ्रंट देखकर कहा कि कोटा बेमिसाल हो गया है, अब हमारा कोटा देश ही नहीं दुनिया में पर्यटन नगरी के रूप में प्रसिद्ध होने जा रहा है।

लोक कलाकारों की अद्भुत प्रस्तुतियां

रिवरफ्रंट के प्रत्येक घाट पर लोक कलाकार अपनी अद्भुत प्रस्तुतियों से दर्शकों को आकर्षित कर रहे हैं, जैसे ही दर्शक रिवरफ्रंट पर एक घाट से दूसरे घाट की ओर बढ़ते हैं, राजस्थान की लोककला संस्कृति से लोक कलाकार रूबरू करवाते हैं। दर्शक उनका उत्साहवर्धन तालियों से कर रहे हैं। सेल्फी लेकर मनमोहक नजारों को कैद कर रहे हैं। उत्सव घाट पर घूमर नृत्य की प्रस्तुति लोक कलाकारों द्वारा दी जा रही है, वहीं राजस्थान की संस्कृति और कला से रूबरू करवा रहे लोक कलाकार मनमोहक प्रस्तुतियां से दर्शकों का मनोरंजन कर रहे हैं।

यूआईटी के विशेषाधिकारी आरडी मीणा ने शुक्रवार शाम रिवरफ्रंट पर ही इससे जुड़ी एजेन्सियों के प्रतिनिधियों और यूआईटी अधिकारियों की बैठक ली। इसमें सभी पहलुओं की समीक्षा की गई। सैलानियों से भी फीडबैक लिया है। उन्होंने बताया कि यहां जिनकी दुकानें हैं, उनसे एक माह का किराया नहीं लेंगे और ताकि सुचारू संचालन हो सके। खान-पान की सुचारू व्यवस्था की जा रही है। बाहर से खाने-पीने की चीजें जे जाने पर प्रतिबंध रहेगा। सीसीटीवी कैमरों से पैनी नजर रखी जाएगी। किसी भी कलाकृति से हाथ नहीं लगा सकते हैं। यदि किसी ने कलाकृतियों से छेडछाड़ की तो भारी जुर्माना लगाया जाएगा। पहले दिन दो हजार सैलानियों की एंट्री हुई है।